सद्गुरु निजानंद महाराज वेद विद्यालय

सद्गुरु निजानंद महाराज वेदविद्यालय महाराष्ट्र के पुणे के समीप आळन्दी में स्थित है | यह वेदविद्यालय महर्षि वेदव्यास प्रतिष्ठान का प्रथम विद्यालय है | इस विद्यालय की स्थापना  वर्ष १९९१ ई॰  में  विजयादशमी के शुभावसर पर की गई  | इस विद्यालय का प्रमुख उद्देश्य वेदविद्या का प्रचार-प्रसार एवं भारतीय संस्कृति की रक्षा करना है |  इस विद्यालय में शुक्ल यजुर्वेद की माध्यन्दिनशाखा एवं  संस्कृतभाषा, कंप्यूटर इत्यादि आधुनिक विषयों का भी गुरुकुल परम्परा से अध्ययन-अध्यापन कराया जाता है । इस वेदविद्यालय ने वैदिक जगत को अब तक २७५ से अधिक उत्कृष्ट वैदिक विद्वान, वेदाध्यापक एवं घनपाठी प्रदान किए  हैं |

इस वेदविद्यालय के गुरुजन एवं छात्र भारत के अन्य वेदविद्यालयों का मार्गदर्शन भी करतें आ रहे हैं | यह विद्यालय महर्षि सांदीपनी राष्ट्रीय वेदविद्या प्रतिष्ठान, उज्जैन का परीक्षा केंद्र भी है | इस विद्यालय के अनेक अध्यापक एवं छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर के सम्मान एवं पुरस्कार प्राप्त किए हैं | यह विद्यालय आधुनिकतम अध्ययनकक्ष, यज्ञशाला, छात्रावास, गुरुनिवास, ग्रंथालय एवं सुंदर वाटिका से सुशोभित है |